गांधी चौक पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, डीसी कार्यालय में भी दोनों महापुरुषों को दी गई श्रद्धांजलि
पाकुड़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिले में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज, डीडीसी अरविंद कुमार लाल समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इसके बाद डीसी कार्यालय में उपायुक्त ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर डीसी ने कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता का संदेश देकर देश-दुनिया को नई दिशा दी, वहीं शास्त्रीजी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। डीसी ने कहा कि महापुरुषों को याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, एसडीओ साइमन मरांडी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।









