Search

November 17, 2026 8:44 pm

मिशन बूथ पर भाजपा का फोकस, संगठन को धार देने के लिए कार्यकर्ताओं को मिला टास्क।

21 नवंबर को देवघर में जुटेंगे दुमका प्रमंडल के भाजपा दिग्गज, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की मौजूदगी में बनेगी संगठन विस्तार की रणनीति

पाकुड़। चुनावी तैयारियों से आगे संगठन की जड़ों को मजबूत करने की कवायद में भाजपा जुट गई है। बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने, निष्क्रिय समितियों को सक्रिय करने और संगठन का विस्तार करने के लिए पाकुड़ जिला भाजपा ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति बनाई। राजापाड़ा स्थित राजवाड़ी में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी ने बूथ को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। जिला प्रभारी निवास मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह एवं दुर्गा मरांडी की मौजूदगी में हुई बैठक में जिले के सभी बूथों पर समितियों के गठन, मंडल समितियों के सत्यापन और संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुनने और उसका संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की भी रणनीति बनाई गई। जिला प्रभारी निवास मंडल ने स्पष्ट कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन है। पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में संगठनात्मक कार्य पूरे करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखने, बल्कि धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की। बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू का प्रस्तावित प्रमंडलीय प्रवास अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गया है। अब 21 नवंबर को देवघर भाजपा कार्यालय में दुमका प्रमंडल स्तरीय संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें प्रमंडल के सभी जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व सांसद-विधायक, चुनाव प्रत्याशी तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, शर्मिला रजक, जिला महामंत्री रूपेश भगत, साधन ठाकुर, अमृत पांडेय, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, सुशील साहा, दीपक साहा, पंकज साह, धर्मेंद्र त्रिवेदी, ध्रुव साहा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!