लिट्टीपाड़ा और हिरणपुर थाने में अलग-अलग हुई सुनवाई, दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निष्पादन
लिट्टीपाड़ा/हिरणपुर (पाकुड़)। जमीन विवाद को लेकर गांवों में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस और अंचल प्रशासन ने समाधान की पहल तेज कर दी है। मंगलवार को लिट्टीपाड़ा और हिरणपुर थाना परिसर में अलग-अलग थाना दिवस आयोजित कर जमीन और धान कटनी से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों थाना क्षेत्रों में चार विवादों का आपसी सहमति से निपटारा कराया गया।लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में सीओ पवन कुमार की अध्यक्षता में जिरली और बड़ा सरसा गांव के जमीन विवादों की सुनवाई हुई। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बात सुनी गई। प्रशासन की पहल पर सहमति बनने के बाद सीओ ने सरकारी अमीन की मौजूदगी में जमीन की मापी कराने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। वहीं, हिरणपुर थाना परिसर में सीओ मनोज कुमार और थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह की मौजूदगी में बेलडीहा और विशुनपुर गांव के धान कटनी से जुड़े विवादों की सुनवाई हुई। दोनों पक्षों के जमीन संबंधी दस्तावेजों की जांच के बाद आपसी सहमति से दोनों मामलों का निष्पादन कराया गया। इसके अलावा धनबाद के जमीन विवाद की भी सुनवाई की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन और धान कटनी से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को थाना दिवस आयोजित करने की पहल की गई है। प्रशासन ने लोगों से विवादों का समाधान आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत कराने की अपील की। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन विवाद के कारण होने वाले तनाव और टकराव को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।







