तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, डीएफसी कोयला चौक ने खिताब पर जमाया कब्जा।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक विकास के साथ बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी पैदा करता है। खेल के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलता है। यह बातें झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में कहीं। बिरसा मुंडा मेमोरियल क्लब, रोलाग्राम की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय खेल है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के वीर सपूतों को नमन किया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में डीएफसी कोयला चौक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता रही बहा बागान एफसी महेशपुर की टीम को 1 लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। समापन समारोह में जिला संगठन सचिव अनरूद्दीन मियां, प्रखंड सचिव सुशील हेमराम, सांसद प्रतिनिधि कुणाल हेमराम सहित झामुमो के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। मौके पर क्लब अध्यक्ष संदीप कुमार टुडू, कोषाध्यक्ष मल्लेश्वर मरांडी, सचिव ओम प्रकाश मरांडी, कालिंदो हांसदा, ग्राम प्रधान एंथनी मुर्मू और उपाध्यक्ष स्टेफन टुडू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।







