Search

November 15, 2026 8:39 pm

प्ली बार्गेनिंग से जल्द मिल सकता है न्याय, बंदियों को बताए कानूनी अधिकार

पाकुड़ मंडल कारा में डालसा की जेल अदालत सह मेडिकल कैंप, बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता के साथ मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा

पाकुड़। मंडल कारा में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इसमें बंदियों को कानून की बारीकियों से अवगत कराने के साथ उनके अधिकारों और न्याय पाने के कानूनी विकल्पों की जानकारी दी गई। खास तौर पर प्ली बार्गेनिंग की प्रक्रिया और उसके लाभ समझाए गए, ताकि पात्र बंदी इसका लाभ उठा सकें। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित शिविर में प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने बंदियों को बताया कि प्ली बार्गेनिंग के तहत पात्र मामलों में स्वेच्छा से दोष स्वीकार करने पर मुकदमे का शीघ्र निपटारा संभव है। इससे लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सकती है और कानून के प्रावधानों के अनुसार सजा में रियायत का लाभ भी मिल सकता है। उन्होंने इसके दायरे, पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख और संजीव कुमार मंडल ने बंदियों को जमानत संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा डालसा के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। कानूनी जागरूकता के साथ शिविर में बंदियों की सेहत का भी ख्याल रखा गया। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने बीपी, शुगर समेत अन्य जरूरी जांच की। इस दौरान बंदियों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली गई। मौके पर जेल के प्रशासनिक अधिकारी, डालसा कर्मी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!