व्रतियों ने सूप और दउरा में सजाए फल-प्रसाद, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद।
राजकुमार भगत
पाकुड़। लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को पाकुड़ जिले में पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरोग जीवन की कामना की।
संध्या अर्घ्य को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती पारंपरिक तरीके से सूप और दउरा में फल, ठेकुआ तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर छठ घाट पहुंचे। शाम होते ही घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही भगवान सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़े, व्रतियों ने जल में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह रहा। संध्या अर्घ्य के साथ ही घाटों पर छठी मइया के जयकारे गूंजते रहे। सोमवार को उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।











