Search

November 4, 2026 11:11 pm

मतदाता सूची की शुद्धता पर डीसी की नजर, बूथों पर पहुंचकर जांची सत्यापन की प्रक्रिया

12 नवंबर तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान, बीएलओ को पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और प्रपत्रों की सुपर चेकिंग का निर्देश।

पाकुड़। मतदाता सूची में त्रुटियों की गुंजाइश कम करने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने महेशपुर और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला की गतिविधियों की समीक्षा की। डीसी ने सीलमपुर, ग्वालपाड़ा, भेटाटोला, बल्लभपुर और मंगलापाड़ा स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाता सूची के सत्यापन की प्रगति जानी और चुनाव पाठशाला के जरिए मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयासों का जायजा लिया। सीलमपुर के मतदान केंद्र संख्या 95 और 96 तथा बल्लभपुर के बूथ संख्या 474 पर होम-टू-रोल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर यह जानने की कोशिश की कि बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का विवरण सत्यापित कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने फॉर्म-6 के वितरण, नए मतदाताओं से आवेदन भरवाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण के मिलान की जानकारी भी ली। साथ ही संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रपत्रों में दर्ज सूचनाओं की बारीकी से जांच करें और सुपर चेकिंग में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
डीसी ने कहा कि 12 नवंबर तक चलने वाले होम-टू-रोल विजिट अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिन नागरिकों को नोटिस जारी किया गया है, वे निर्धारित समयसीमा में आवश्यक दस्तावेज जमा करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।

IMG 20261104 WA0029 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!