छठ गीतों की प्रस्तुति से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर, प्राचार्य ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया प्रेरित।
पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल में दीपावली और छठ पर्व की खुशियां बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नजर आईं। प्रातःकालीन सभा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति और पर्वों की परंपरा को जीवंत किया। छठ गीतों की मधुर धुन से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा, वहीं सुरक्षित और हरित दीपावली मनाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बताते हुए मां लक्ष्मी की पूजा, सुख-समृद्धि और आपसी प्रेम का संदेश दिया। साथ ही पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण के प्रति जागरूक करते हुए दीप जलाकर पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की। वहीं छठ गीतों पर बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने लोक आस्था के इस महापर्व की महत्ता और परंपराओं को खूबसूरती से सामने रखा।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को दीपावली एवं छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने बच्चों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और स्वच्छता व सुरक्षा के साथ त्योहार मनाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन उत्साह और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।










