युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, डॉ. तनवीर बोले- युवाओं की सक्रियता से मजबूत होगी कांग्रेस की जड़ें।
पाकुड़। रवींद्र भवन में गुरुवार को जिला युवा कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष बिलाल शेख की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने तथा एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के दौरान आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में सबसे अहम निर्णय एसआईआर को लेकर लिया गया। नोटिस मिलने के बाद दस्तावेज जुटाने और फॉर्म भरने में परेशान लोगों की सहायता के लिए विधायक कक्ष में हेल्प डेस्क शुरू करने का निर्णय लिया गया। हेल्प डेस्क पर 4-5 प्रशिक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे, जो लोगों को एसआईआर से संबंधित कागजात, फॉर्म और प्रक्रिया की जानकारी देने में सहयोग करेंगे। वहीं बीएलए-2 और पार्टी के पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में लोगों की मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर को लेकर किसी भी आम नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी सहायता करेंगे।

युवाओं की ताकत पर नेताओं का जोर:कुमार गौरव।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। यदि युवा एकजुट होकर पूरी ऊर्जा के साथ काम करें तो कांग्रेस को बूथ स्तर से लेकर चुनावी मैदान तक मजबूत स्थिति में पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पाकुड़ में युवाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए संगठन को और विस्तार देने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि जिस युवा संगठन से वे जुड़े रहे, उसकी जिम्मेदारी आज नई पीढ़ी पूरी मजबूती से संभाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि जनता के सुख-दुख में खड़ी रहने वाली पार्टी है। युवाओं को संगठन से जुड़कर लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाना चाहिए।
डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र को वरिष्ठ नेतृत्व का लगातार मार्गदर्शन मिला है और युवाओं की सक्रियता से संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंच बढ़ाने तथा आम लोगों से सीधा संवाद कायम करने की अपील की।

चुनाव में मिली जिम्मेदारी को युवाओं ने निभाया
जिलाध्यक्ष बिलाल शेख ने कहा कि पिछले चुनाव में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी दी गई थी, उसे उन्होंने पूरी मजबूती के साथ निभाया। कांग्रेस की जीत में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. तनवीर आलम के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पाकुड़ में संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आने वाले दिनों में अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर जमीनी स्तर पर कांग्रेस की पकड़ मजबूत की जाएगी। बैठक में प्रदेश सचिव बिक्की कुमार, विधानसभा प्रभारी सह प्रदेश महासचिव लक्ष्मीकांत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मंसारूल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद उर्फ बकुल, शाहीन परवेज, सेमिनुल इस्लाम, देवीलाल मुर्मू, तस्लीम आरिफ, आमिर हमजा, शहनाज बेगम, मो. नसीम शेख, जलालुद्दीन शेख, मिस्टर शेख, सलीम शेख समेत कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।







