एसडीपीओ और बीडीओ ने कृषि विज्ञान केंद्र में छात्राओं से किया संवाद, एग्री-बिजनेस व स्टार्टअप के लिए किया प्रेरित।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। कृषि के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्वरोजगार की भी अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है नए अवसरों को पहचानने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की। बुधवार को महेशपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के दौरे के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर और एसडीपीओ विजय कुमार ने देवघर से प्रशिक्षण लेने पहुंची कृषि स्नातक की छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें करियर के नए विकल्पों की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से उनके प्रशिक्षण अनुभव के बारे में जाना और कृषि क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। बीडीओ सिद्धार्थ शंकर ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बदलते दौर में कृषि केवल खेती तक सीमित नहीं है। एग्री-बिजनेस, कृषि आधारित उद्योग और स्टार्टअप के माध्यम से भी युवा अपना भविष्य संवार सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने और उसे अपने करियर में उपयोग करने की अपील की। वहीं, एसडीपीओ विजय कुमार ने छात्राओं को अनुशासन, मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास भी जरूरी हैं। छात्राओं से संवाद के बाद दोनों अधिकारियों ने कृषि वैज्ञानिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित शोध कार्यों, किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। अधिकारियों के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।






