Search

October 17, 2026 3:23 am

पूजा पंडालों पर ड्रोन-CCTV से नजर, नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

एसपी अनुदीप सिंह ने अपराध गोष्ठी में दिए निर्देश, अवैध खनन और नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस

पाकुड़/ दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर पाकुड़ पुलिस अलर्ट मोड में है। पूजा पंडालों की ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी होगी, जबकि विसर्जन मार्गों का भौतिक सत्यापन कर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जाएगा। यह निर्देश शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मासिक अपराध गोष्ठी में दिए। समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना-ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई।

94 मामले दर्ज, 98 का निष्पादन।

एसपी ने सितंबर माह के अपराध आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस दौरान 94 मामले दर्ज हुए, जबकि 98 मामलों का निष्पादन किया गया। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ पॉक्सो, आईटी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन के लिए 50 प्रतिशत का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।

नशे में ड्राइविंग पर सख्ती, अवैध खनन पर छापेमारी।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से नियमित वाहन जांच अभियान चलाएंगे। हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन के कागजात और बीमा की जांच के साथ नशे में वाहन चलाने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों की ई-डार में प्रविष्टि करने का निर्देश भी दिया गया। अवैध पत्थर, कोयला और बालू के उत्खनन व परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स के साथ समन्वय कर छापेमारी की जाएगी। अवैध मादक पदार्थों और शराब की खरीद-बिक्री के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।

गश्ती बढ़ाने और शिकायतकर्ताओं से अच्छा व्यवहार करने का निर्देश।

चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया। पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय रहे अपराधियों के खिलाफ सीसीए, निगरानी पंजी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कराने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। एसपी ने थाना पहुंचने वाले शिकायतकर्ताओं और महिलाओं की समस्याएं शालीनता से सुनने तथा अनावश्यक परेशान नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, डायन प्रथा, नशामुक्ति और डायल-112 के प्रति जागरूकता अभियान चलाने को कहा। महिला थाना प्रभारी को प्रत्येक सप्ताह स्कूल-कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट और परिवाद पत्रों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश भी दिया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!