टाई-ब्रेकर में 4-3 से दर्ज की जीत, प्रमंडलीय प्रतियोगिता में पाकुड़ के खिलाड़ियों का दोहरा धमाका
पाकुड़ : खेल के मैदान में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने ऐसा दम दिखाया कि विरोधी टीम को हार का सामना करना पड़ा। प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता में पाकुड़ ने फुटबॉल का खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। फाइनल में दुमका के खिलाफ मुकाबला निर्धारित समय तक बराबरी पर रहा, लेकिन टाई-ब्रेकर में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने बाजी पलट दी और 4-3 से जीत दर्ज कर चैंपियन बन गए। वहीं, मटका दौड़ में सोहागिनी किस्कू ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले की सफलता में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता के तहत आयोजित इस प्रमंडल स्तरीय मुकाबले में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया। पुरुष फुटबॉल के फाइनल में पाकुड़ और दुमका के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाई-ब्रेकर में पाकुड़ ने 4-3 से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इधर, पारंपरिक जनजातीय खेल मटका दौड़ में सोहागिनी किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल और मटका दौड़ में मिली इस सफलता के बाद दोनों विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं जिला खेल पदाधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।







