Search

November 21, 2026 9:02 pm

मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटा तो होगी जवाबदेही, डीसी ने चार बूथों पर परखी पुनरीक्षण की हकीकत

घर-घर फॉर्म-6 पहुंचाने और नए मतदाताओं का नाम जोड़ने पर जोर, नोटिस पाने वालों से समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील

पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और निर्वाचन कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए गंभीरता से काम करें। उपायुक्त ने रहसपुर के मतदान केंद्र संख्या 292 और 293, बलियाडांगा के बूथ संख्या 273 तथा शमशेरा के बूथ संख्या 288 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से सीधे बातचीत कर मतदाता पहचान पत्र की उपलब्धता, बीएलओ की ओर से घर-घर फॉर्म-6 पहुंचाने और नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही नोटिस प्राप्त नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर जरूरी दस्तावेज जमा करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों को घर-घर संपर्क अभियान में तेजी लाने तथा मतदाताओं को पुनरीक्षण से जुड़ी पूरी जानकारी देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काम में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी कर्मी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करें। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसमें प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी तरह के संशोधन की जरूरत है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।

IMG 20261121 WA0048

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!