सीएम के मोरहाबादी आवास पहुंचकर संतोष कुमार गंगवार ने जताई संवेदना, कई मंत्री-सांसद और पूर्व मुख्यमंत्रियों ने भी किए अंतिम दर्शन।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से शोक की लहर है। गुरुवार को मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पहुंचकर स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, राजमहल सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो सहित विधायक, पूर्व मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना जताई। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।










