Search

November 22, 2026 7:57 pm

खेतों में पानी, किसानों की आंखों में आंसू; बेमौसम बारिश ने छीन ली सालभर की कमाई

कटी और तैयार धान की फसल जलमग्न, कर्ज चुकाने से लेकर परिवार पालने तक की चिंता में डूबे किसान; मुआवजे के लिए तत्काल सर्वे की मांग

पाकुड़। दो दिनों तक हुई बेमौसम बारिश ने पाकुड़ के किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में पककर तैयार धान और काटकर रखी गई फसल पानी में डूब गई। जिस फसल से किसानों को घर चलाने, बच्चों की पढ़ाई और कर्ज चुकाने की उम्मीद थी, वही अब बर्बादी की तस्वीर बन गई है। खेतों में भरे पानी के बीच किसान अपनी उजड़ चुकी उम्मीदों को निहारने को मजबूर हैं। बारिश की आशंका में कई किसानों ने धान की कटाई कर ली थी, लेकिन लगातार बारिश ने उन्हें फसल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का मौका भी नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि खड़ी फसल के साथ खेतों में पड़ी कटी धान भी पानी में डूबकर खराब होने लगी है। किसानों के सामने अब दोहरी मार है। एक तरफ फसल बर्बाद हो गई, दूसरी तरफ समूह ऋण, कृषि कर्ज और महाजनों से लिया गया उधार सिर पर खड़ा है। किसानों का कहना है कि खाद-बीज से लेकर खेती की तैयारी तक के लिए कर्ज लिया था। धान बेचकर कर्ज की किस्त चुकाने और परिवार की जरूरतें पूरी करने की उम्मीद थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने सब कुछ छीन लिया। अब बच्चों का पेट भरें या कर्ज की किस्त चुकाएं, यही चिंता उन्हें सता रही है। पीड़ित किसानों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद, विधायक और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने प्रभावित गांवों में अविलंब फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने तथा कृषि और ग्रुप लोन में राहत दिलाने की गुहार लगाई है। किसानों का कहना है कि समय रहते सरकारी मदद नहीं मिली तो इस नुकसान से उबरना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!