हिरणपुर (पाकुड़): गांवों की परंपरा, सामाजिक एकता और स्वशासन की व्यवस्था को पीढ़ियों से सहेज रहे पारंपरिक ग्राम प्रधानों एवं पदाधिकारियों को झारखंड स्थापना दिवस पर सम्मानित किया गया। रविवार को घाघरजानि स्थित प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित समारोह में सीओ मनोज कुमार और बीडीओ टुडू दिलीप ने ग्राम प्रधान, मांझी, परगनैत, नायके और गौड़ेत को शॉल ओढ़ाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पारंपरिक ग्राम व्यवस्था झारखंड की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गांवों में शांति, भाईचारा, सामाजिक न्याय और सामूहिक निर्णय की परंपरा बनाए रखने में इनकी भूमिका अहम रही है। पारंपरिक व्यवस्था को मजबूत किए बिना ग्राम स्वराज की कल्पना अधूरी है। समारोह में ग्राम प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए। सीओ ने भरोसा दिलाया कि ग्राम प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाएगा। मौके पर अंचल निरीक्षक समेत सभी राजस्व कर्मचारी मौजूद थे।






