नसीपुर पंचायत में मनरेगा योजना में अनियमितता का आरोप, जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
पाकुड़ सदर प्रखंड की नसीपुर पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कूप निर्माण में अनियमितता का आरोप सामने आया है। लाभुक की जमीन पर कूप निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ, लेकिन कथित तौर पर करीब 80 हजार रुपए की निकासी कर ली गई। मामले को लेकर लाभुक हाबिल शेख ने बुधवार को उपायुक्त को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में हाबिल शेख ने बताया है कि उनकी निजी जमीन पर मनरेगा के तहत कूप निर्माण की योजना स्वीकृत हुई थी। योजना संख्या 131/2023-24 और वर्क नंबर 3414001023/IF/DIS/7370 के तहत निर्माण कार्य होना था। उनका आरोप है कि योजना स्वीकृत हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी जमीन पर कूप निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। इसके बावजूद संबंधित भेंडर/संवेदक ने विभागीय मिलीभगत से बिना निर्माण कार्य कराए ही करीब 80 हजार रुपए की निकासी कर ली। लाभुक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निकाली गई राशि की स्थिति स्पष्ट करने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) अजीत कुमार टुडू ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।






