जयपुर छिट में फिर तीन बोरिंग निर्माण की अनुशंसा से ग्रामीणों में आक्रोश, योजना के चयन और विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। जयपुर पंचायत में सरकारी योजनाओं के वितरण को लेकर भेदभाव के आरोप लगने लगे हैं। पंचायत के 13 गांवों में से जयपुर छिट गांव में ही एक बार फिर तीन डीप बोरिंग के निर्माण की अनुशंसा किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। विधायक की अनुशंसा पर भूमि संरक्षण विभाग से प्रस्तावित इस निर्माण ने पंचायत में विकास योजनाओं के समान वितरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जयपुर छिट गांव में पहले से कई डीप बोरिंग बने हुए हैं। इसके बावजूद दोबारा तीन बोरिंग की योजना लाई जा रही है। आरोप है कि दो व्यक्तियों के नाम पर फिर उसी गांव में योजना का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पंचायत के बाकी 12 गांवों में आज तक एक भी डीप बोरिंग का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पूरी पंचायत में सिंचाई की जरूरत सिर्फ जयपुर छिट गांव में ही है? ग्रामीणों ने भूमि संरक्षण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी नई योजना को स्वीकृति देने से पहले पुराने बोरिंग की संख्या, उनकी स्थिति और किसानों को मिल रहे लाभ की जांच जरूरी है। इसके बावजूद दोबारा उसी गांव में तीन बोरिंग का निर्माण प्रस्तावित होना विभागीय जांच और योजना चयन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रस्तावित तीनों बोरिंग के निर्माण पर रोक लगाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अब तक बने बोरिंगों तथा उनके लाभुकों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत की योजनाओं का लाभ सभी 13 गांवों को जरूरत के अनुसार मिलना चाहिए। एक ही गांव में बार-बार योजनाएं केंद्रित होने से बाकी गांवों के साथ अन्याय हो रहा है।






