एसडीपीओ के नेतृत्व में पंडालों का निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण से लेकर सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा तक के दिए निर्देश
पाकुड़। दुर्गापूजा-2026 को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने बुधवार को शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाएं देखीं और पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए अतिरिक्त गेट की व्यवस्था करने को कहा। पंडाल के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनके लिए निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अग्नि सुरक्षा को लेकर भी समितियों को सतर्क किया गया। पंडालों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने और बिजली के खुले तार व खुले ज्वाइंट नहीं छोड़ने को कहा गया। पुलिस ने विद्युत कनेक्शन को सुरक्षित तरीके से कराने पर विशेष जोर दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए महत्वपूर्ण स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा जरूरत पड़ने पर नगर परिषद से समन्वय कर रास्तों को सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने पंडालों के आसपास सुरक्षा संबंधी अपील और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर वाले बैनर लगाने के साथ सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था करने को भी कहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से दुरुस्त रखे जाएं।






