Search

November 17, 2026 8:45 pm

स्थापना दिवस पखवाड़े पर स्कूलों में प्रतियोगिता, गांवों में किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी

50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज का वितरण, स्वच्छता और नशामुक्ति का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प।

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस समारोह पखवाड़े के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा और कृषि विभाग की ओर से जागरूकता एवं विकासपरक गतिविधियां संचालित की गईं। विद्यालयों में जहां विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए, वहीं गांवों में कृषक चौपाल और कृषक पाठशाला के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती की जानकारी दी गई। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और अलग राज्य के आंदोलनकारियों के योगदान के बारे में बताया गया। इस दौरान बच्चों को स्वच्छता अपनाने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। इधर, कृषि विभाग की ओर से सभी प्रखंडों में खेत बचाओ अभियान के तहत कृषक चौपाल, कृषक पाठशाला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। किसानों को मृदा स्वास्थ्य, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण, मिट्टी के नमूनों का संग्रह और बीज वितरण भी किया गया। आगामी रबी मौसम में फसलों का आच्छादन क्षेत्र बढ़ाने और बेहतर उत्पादन के लिए किसानों को प्रेरित किया गया।
महेशपुर प्रखंड के बिरकिट्टी लैम्प्स में 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। वहीं लिट्टीपाड़ा के सुरजबेरा, पाकुड़ प्रखंड के हिरानंदनपुर, अमड़ापाड़ा के गौरपाड़ा और हिरणपुर प्रखंड के रानीकोला में कृषक चौपाल, पाठशाला एवं गोष्ठी आयोजित की गई।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थापना दिवस पखवाड़े को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और कृषि विकास के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

IMG 20261117 WA0004
IMG 20261117 WA0001
IMG 20261117 WA0002
IMG 20261117 WA0003

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!