Search

November 19, 2026 10:45 pm

करोड़ों की बेनामी संपत्ति के शक में पूर्व चौकीदार के घर एसीबी का छापा

रात भर आवास पर जमी रही एसीबी, मकान मालिक फरार

रांची और दुमका की संयुक्त टीम ने चार वाहनों से पहुंचकर गढ़बाड़ी गांव में की छापेमारी

पाकुड: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महेशपुर प्रखंड के गढ़बाड़ी गांव स्थित पूर्व चौकीदार धीरेन माल के आवास पर अचानक छापेमारी की। रांची और दुमका एसीबी की संयुक्त टीम चार वाहनों के काफिले के साथ जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।एसीबी की टीम ने घर की घेराबंदी कर अंदर रखे दस्तावेजों, जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को खंगालना शुरू कर दिया। अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध कागजातों का बारीकी से मिलान कर रही है।इधर, छापेमारी की खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर किसी की नजरें एसीबी की इस कार्रवाई पर टिकी रहीं। पूरे क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बंगाल के रामपुरहाट में ढूंढती रही टीम, नहीं लगा सुराग

विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के वक्त पूर्व चौकीदार धीरेन माल अपने आवास पर मौजूद नहीं था। पता चला कि वह इलाज कराने के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट गया हुआ है। इसकी भनक लगते ही एसीबी की एक टीम तत्काल उसे हिरासत में लेने के लिए रामपुरहाट रवाना हुई, लेकिन वहां भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। आरोपित के हाथ न लगने से मामला और पेचीदा हो गया है।समाचार लिखे जाने तक एसीबी के अधिकारी पूर्व चौकीदार के आवास पर ही डेरा डाले हुए थे और घर में मौजूद स्वजनों से गहन पूछताछ कर रहे थे। छापेमारी में अब तक कितनी चल-अचल संपत्ति या नकदी का पता चला है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही एसीबी की ओर से पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।

IMG 20261119 WA0032

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!