प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लिट्टीपाड़ा पुलिस ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन को लिट्टीपाड़ा चौक के पास से पकड़ा। वाहन संख्या जेएच 04 बी 8761 बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दुमका की ओर से तेज रफ्तार हाइवा बालू लादकर लिट्टीपाड़ा के रास्ते साहिबगंज की ओर जा रहा था। लिट्टीपाड़ा चौक के समीप गश्ती दल ने संदेह के आधार पर हाइवा को रोककर जांच की। पुलिस ने चालक से बालू परिवहन से संबंधित चालान सहित वाहन के वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा। चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बालू के अवैध परिवहन की आशंका में हाइवा को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान वैध दस्तावेज के अभाव में बालू लदे हाइवा को जब्त किया गया है। मामले में खनन नियमों के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है। डीएमओ के निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






