पाकुड़। खनिज एवं खान विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष महाबीर कुमार मड़ैया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से संशोधन विधेयक तत्काल वापस लेने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि नया कानून लागू होने से झारखंड में खनन और उद्योग क्षेत्र प्रभावित होगा, जिसका सीधा असर मजदूरों के रोजगार और राज्य के विकास पर पड़ेगा। नेताओं ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से राज्य को मिलने वाला राजस्व प्रभावित हुआ तो इसका असर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है।कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने की मांग की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। धरने में जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इकरामुल अंसारी, हजरत शेख, अमन सिंह, भुटन यादव, मनोज मड़ैया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।








