Search

October 26, 2026 9:23 pm

अवैध खनन पर सख्ती, चेकपोस्ट की निगरानी बढ़ाने का निर्देश

उपायुक्त ने टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

पाकुड़। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। सोमवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी, जब्त वाहनों, जुर्माना वसूली और चेकपोस्ट की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरती जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा जुर्माना वसूली में तेजी लाने को भी कहा। चेकपोस्ट की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और तकनीकी खराबियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। कैमरे, बैटरी और डिस्प्ले के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया, ताकि खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। बैठक में बालू घाटों के संचालन और खनन योजनाओं से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई। महेशपुर क्षेत्र में बालू घाटों के संचालन के लिए ग्रामसभा की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार समय पर पूरी करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने भी अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने तथा अधिकारियों को सक्रिय रहकर निगरानी करने का निर्देश दिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, डीएसपी, एसडीपीओ, माइनिंग इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!