Search

November 3, 2026 9:26 pm

दीपावली-छठ पर शांति भंग करने वालों पर रहेगी प्रशासन की नजर, सोशल मीडिया पर भी सतर्कता की अपील

शांति समिति की बैठक, तीन छठ घाटों की सफाई और बाजार की सड़कों पर पानी छिड़काव का उठा मुद्दा।

अमर भगत

पाकुड़। दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को अमड़ापाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों और गणमान्य लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता, सीओ औसाफ अहमद खां और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रयागराज दास ने की। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की संवेदनशील स्थिति या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक फोटो-वीडियो पोस्ट करने से बचने की भी अपील की।
बैठक में छठ पूजा की तैयारियों और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने बताया कि अमड़ापाड़ा बाजार में दो और डुमरचीर गांव में एक छठ घाट पर पूजा होगी। इन घाटों के साथ नदी की साफ-सफाई कराने की मांग प्रशासन से की गई। वहीं, कोल कंपनी के प्रतिनिधियों से बाजार की सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग रखी गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सभी से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह के विवाद से बचने की अपील की गई।
बैठक में एसआई विनोद टुडू, निर्मल कुमार, संतोष भगत, मंटू भगत, दीपंकर भगत, राजा भारती, डीबीएल के अधिकारी राजेश कर्ण तथा बीजीआर के कर्मी सुरेश सिंह, बबलू देहरी और विकास राज मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!