एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने सिलमपुर से दबोचे दोनों आरोपी, पूछताछ में चोरी की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा।
पाकुड़। महेशपुर राजबाड़ी में ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पांच बैटरियां भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को सुजीत कुमार सिंह की शिकायत पर महेशपुर थाना में कांड संख्या 182/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर सिलमपुर गांव से राजेश रविदास (मकदमपुर) और हफीजुल शेख (सिराजपुर) को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पांच बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, दोनों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय समेत महेशपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।






