Search

November 3, 2026 9:24 pm

हर वार्ड तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता, नगर अध्यक्ष शबरी पाल ने तीन योजनाओं का किया शुभारंभ।

कैलाश नगर में सड़क-नाली निर्माण से दूर होगी जलजमाव की समस्या, छठ को लेकर तालाबों की सफाई के दिए निर्देश

पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और शहर की व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने विकास कार्यों को गति देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में तीन विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड नंबर 11 के कैलाश नगर सहित सिंधी श्मशान घाट के आसपास के इलाके में पीसीसी सड़क और आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। करीब 7.50 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन और जल निकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वार्ड नंबर 11 के कैलाश नगर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद निभा देवी और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से योजनाओं की आधारशिला रखी। शहरी परिवहन योजना के तहत तीन छोटी पीसीसी सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। नगर अध्यक्ष ने कहा कि वार्ड का यह निचला इलाका होने के कारण बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या बनी रहती थी। सड़क निर्माण के साथ स्लैबयुक्त नाली बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। नगर अध्यक्ष सबरी पाल ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। शहर के विकास में फंड की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। आवश्यकतानुसार राशि की व्यवस्था कर सड़क, नाली, जल निकासी और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता को लंबे समय तक मिले, इसके लिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। संबंधित संवेदकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। वार्ड पार्षद निभा देवी ने कहा कि कैलाश नगर में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से मोहल्लेवासी लंबे समय से परेशान थे। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड के सभी मोहल्लों में स्थानीय जरूरतों और आम लोगों के सुझावों के अनुसार विकास कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

छठ घाटों की सफाई को लेकर भी सक्रिय दिखीं नगर अध्यक्ष

विकास योजनाओं के शिलान्यास के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न तालाबों का निरीक्षण किया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को देखते हुए तालाबों और घाटों की साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। नगर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों की सफाई, आसपास की स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर परिषद की टीम को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया। शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत, राजा अंसारी, पूनम देवी, कृष्णा शर्मा, तनु दास, रेखा सरदारिन, राबिया बीवी, चेनु बीबी, गुड्डू कुमार भगत, सहायक अभियंता पीयूष कुमार, कनीय अभियंता संजीत मालतो, स्वच्छता प्रबंधक मनीष कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय कुमार राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

IMG 20261103 WA0061
IMG 20261103 WA0062
IMG 20261103 WA0060
IMG 20261103 WA0059

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!