Search

November 3, 2026 9:25 pm

बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त, परिवहन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सुबह सात से नौ बजे तक चला विशेष जांच अभियान, नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई।

पाकुड़। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जिला परिवहन विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। मंगलवार सुबह बाजार समिति के मुख्य द्वार के सामने चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान में बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। तीनों वाहनों को नगर थाना में सुरक्षित रखा गया है। इनके खिलाफ जुर्माना सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सुबह सात से नौ बजे तक चले इस अभियान में यातायात नियमों और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर रहे वाहनों की जांच की गई। विभाग के अनुसार, निर्माण सामग्री की ढुलाई में अधिक ट्रिप लगाने के चक्कर में तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है। इससे राहगीरों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने ट्रैक्टर मालिकों और चालकों को वैध निबंधन, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया है। साथ ही ओवरलोडिंग, ट्रॉली में अवैध बदलाव, बिना तिरपाल ढके निर्माण सामग्री की ढुलाई और सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग पर रोक लगाने की हिदायत दी है। शहर में निर्धारित नो-एंट्री नियमों का पालन भी अनिवार्य किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20261103 WA0058

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!