Search

November 26, 2026 9:51 pm

जलापूर्ति योजना के पाइप लूटकांड का चार घंटे में खुलासा, 10 गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद और बिहार के आरोपी शामिल, 42 डीआई पाइप, ट्रक और बोलेरो बरामद।

एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने की कार्रवाई।

पाकुड़िया। पाकुड़िया थाना क्षेत्र में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर से लोहे के डीआई पाइप की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर डकैती किए गए 42 डीआई पाइप के अलावा वारदात में इस्तेमाल एक ट्रक और एक बोलेरो भी बरामद की गई है। बरामद पाइपों की अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात कंगला मोड़ के समीप सलगापाड़ा स्थित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से 8 से 10 अज्ञात लोगों ने लोहे के डीआई पाइप लूट लिए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान की बरामदगी की। गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख, जहांगीर आलम, उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, सिराज शेख, तुजामेल शेख, नशीरुद्दीन और संजीत महतो शामिल हैं। इनमें अधिकांश पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं, जबकि संजीत महतो बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, तुजामेल शेख बोलेरो और संजीत महतो ट्रक का चालक है।

दो वाहनों से की गई थी पाइप की ढुलाई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अशोक लीलैंड कंपनी का ट्रक (WB19K-2283), महिंद्रा बोलेरो (WB26AV-7837), 42 पीस डीआई पाइप, विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड और एक लाठी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह की कार्यशैली क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देना था। इसका कार्यक्षेत्र पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के इलाके बताए गए हैं।

तीन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पूर्व के आपराधिक मामले भी सामने आए हैं। ताज मुहम्मद शेख और जहांगीर आलम के खिलाफ पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोड़ बाजार थाने में डकैती से संबंधित मामला दर्ज है। वहीं, नील कमल शील के खिलाफ मुर्शिदाबाद और गंगारामपुर थाने में पूर्व के मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में भोला कुमार राय के बयान पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 310(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई कर रही है। एसआईटी में एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!