Search

September 7, 2026 11:00 pm

जहर खिलाकर हत्या का आरोप, घर जमाई की इलाज के दौरान मौत।

ओडिशा से लौटने के डेढ़ घंटे बाद शुरू हुई उल्टी, तीन दिन इलाज के बाद तोड़ा दम; भाभी पर प्राथमिकी

शमशेरगंज। थाना क्षेत्र के हासुपुर गांव निवासी नीलू मंडल के एकलौते भाई शिवाय मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी आसिमा सरकार पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नीलू मंडल ने शमशेरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, शिवाय मंडल घर जमाई बनकर अपनी पत्नी के मायके गगनपहाड़ी में रहता था। ससुर की मौत हो चुकी थी और पत्नी का कोई भाई नहीं था। करीब दो महीने पहले वह ओडिशा के एक आयरन प्लांट में जेसीबी चलाने काम करने गया था। एक सितंबर को वह बिना बताए करीब 11 बजे अपने ससुराल पहुंचा। वहां पहुंचने के करीब डेढ़-दो घंटे बाद उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे इलाज के लिए धुलियान ले गए, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जंगीपुर अस्पताल रेफर कर दिया। करीब तीन दिन इलाज चलने के बाद चार सितंबर की शाम उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, चिकित्सकों ने किसी विषैले पदार्थ के सेवन की बात बताई थी। इसके बाद पत्नी पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक की पत्नी आसिमा सरकार के खिलाफ कांड संख्या 128/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मौत के वास्तविक कारण और जहर दिए जाने के आरोप की जांच कर रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!