शांति समिति की बैठक में एसडीपीओ की दो टूक, पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र व मेडिकल किट अनिवार्य।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। एसडीपीओ विजय कुमार ने बैठक को लीड किया, जबकि नवपदस्थापित इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी प्रयाग दास ने अध्यक्षता की। बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा बीजीआर और डीबीएल के प्रतिनिधियों से पूजा की तैयारियों पर चर्चा की गई। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि डीजे साउंड का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हाईकोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन करने पर डीजे उपकरण जब्त करने के साथ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से नियमों का पालन कराने में सहयोग की अपील की।
बैठक में पंडालों में अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल किट और महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन जुलूस का पारंपरिक रूट नहीं बदलने पर भी सहमति बनी। समितियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल समाधान कराया।
सफाई, सड़क मरम्मत और रोशनी पर भी जोर
पूजा को देखते हुए दुर्गा मंदिर, हाट परिसर, बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों की सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी बीजीआर व डीबीएल को दी गई। सड़कों की मरम्मत और धूल नियंत्रण के लिए नियमित जल छिड़काव का निर्देश डीबीएल को दिया गया। मंदिर परिसर, चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बिजली विभाग व दोनों कंपनियों को करने को कहा गया। एसडीपीओ ने पूजा समितियों के सदस्यों से संयम, अनुशासन और सहिष्णुता के साथ आयोजन में भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर समस्या में समितियों के साथ है और सभी के सहयोग से ही शांतिपूर्ण पूजा संभव है।







