Search

October 15, 2026 10:17 pm

योजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का तुरंत करें निपटारा: डीसी

विभागीय समन्वय की समीक्षा में मेघा भारद्वाज सख्त, पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने का निर्देश।

पाकुड़। विकास योजनाओं में तेजी लाने और लंबित मामलों के निपटारे को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाएं। बैठक में उपायुक्त ने विभागवार विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों में आ रही बाधाओं को चिह्नित कर तत्काल समाधान निकालने, निर्धारित समय-सीमा में योजनाएं पूरी करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के साथ कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने स्पष्ट किया कि बेहतर विभागीय समन्वय से ही विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सकेगा। बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने, विभागीय समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। बैठक में डीडीसी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, एसडीओ, सिविल सर्जन समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, सीओ और तकनीकी विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!