Search

October 18, 2026 11:55 pm

विधायक हेमलाल मुर्मू ने किक मारकर किया फुटबॉल फाइनल का उद्घाटन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

बोले- खेल से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन भी सीखते हैं युवा

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। प्रखंड की आलूबेड़ा पंचायत के सिंगदेहरी गांव में रविवार को फुटबॉल का रोमांच देखने को मिला। सिदो-कान्हू क्लब, सिंगदेहरी की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया। इस दौरान मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

खेल में हार-जीत से ज्यादा जरूरी खेल भावना।

खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन खिलाड़ियों के लिए खेल भावना बनाए रखना सबसे जरूरी है। खेल से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी उन्होंने लोगों से की।

फुटबॉल से क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं खिलाड़ी।

झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य विकास मुर्मू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है। इससे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से वे अपने क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

हजारों दर्शकों की मौजूदगी में बढ़ा प्रतियोगिता का रोमांच

कार्यक्रम में प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला सचिव दिलीप मरांडी, प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा और धानो मरांडी, कालीदास मुर्मू, थॉमस मुर्मू, प्रखंड संगठन सचिव रंजीत पंडित, प्रधान मुर्मू, बबलू मुर्मू, करुण मंडल, सुनील मरांडी और मनोज सोरेन सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मैदान में जुटे।

IMG 20261018 WA0017

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!