सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक मिलेगी आवेदन में मदद, ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
पाकुड़। ग्रामीणों को लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब आवेदन प्रक्रिया में मदद पाने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। जिला परिवहन शाखा की ओर से नवंबर और दिसंबर में जिले के सभी छह प्रखंडों में पंचायत स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में सहायता दी जाएगी। कैंप की शुरुआत 3 नवंबर को पाकुड़ प्रखंड के मानिकापाड़ा पंचायत भवन से होगी। इसके बाद 12 नवंबर को हिरणपुर के केंदुआ, 19 नवंबर को लिट्टीपाड़ा के कुंजबोना, 1 दिसंबर को अमड़ापाड़ा के बोहड़ा, 8 दिसंबर को महेशपुर के बासकेंद्री और 15 दिसंबर को पाकुड़िया के राजपोखर पंचायत भवन में शिविर लगाया जाएगा। सभी कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को शिविरों के प्रचार-प्रसार और सफल संचालन का निर्देश दिया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने पंचायत की निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर लर्नर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा का लाभ उठाएं।





