सुरसंगम म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने बांधा समां, सीओ और थाना प्रभारी ने किया जागरण का उद्घाटन।
सानू कुमार
महेशपुर। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर गुरुवार की संध्या सार्वजनिक दुर्गा पूजा महेशपुर समिति की ओर से आयोजित भक्ति जागरण में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भक्ति गीतों की गूंज के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। मां दुर्गा के जयकारों और सुरीले भजनों के बीच श्रद्धालु देर शाम तक झूमते रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महेशपुर के अंचल अधिकारी संजय कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद देवघर जिले से पहुंचे सुरसंगम म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग जमा दिया। भगवान गणेश और मां दुर्गा की वंदना के साथ भक्ति जागरण की शुरुआत हुई। इसके बाद कलाकार भास्कर मिश्रा उर्फ गुड्डू सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनकी सुरीली आवाज पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। जागरण में स्थानीय लोगों के साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ बनी रही। मां दुर्गा की आराधना और भक्ति संगीत ने पूजा के उत्साह को और बढ़ा दिया। मौके पर थाना के एसआई दीपक कुमार, एएसआई भीम रजक, समिति अध्यक्ष अमल राय, सचिव राम भगत, कोषाध्यक्ष वासुदेव कर्मकार, शिवचरण कर्मकार, राम साहा, विजय भगत, बुरो सिंह, साधन झा, आशीष सिंह, अनिकेत सिंह, अमित साहा, गोलू घोष, परेश घोष, सौरभ गुप्ता, सुदीप प्रमाणिक, संतोष साहा और कृष्णो दत्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।










