गाजे-बाजे के साथ निकले विसर्जन जुलूस, शांति और सौहार्द के बीच संपन्न हुआ दुर्गोत्सव।
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही शुक्रवार को महेशपुर में दुर्गोत्सव का समापन हो गया। महेशपुर बाजार सहित रामपुर, पलसा, भेटटोला, बलियापतरा, रोलाग्राम और शहरग्राम समेत विभिन्न क्षेत्रों में मां की प्रतिमाओं का विसर्जन गाजे-बाजे और जयकारों के बीच किया गया। विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। डीजे की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं ने ‘बोलो दुर्गा माई की जय’ के जयकारे लगाए। मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। अगले वर्ष फिर मां के आगमन की कामना के साथ ‘आसचे बछर आबार हबे’ का उद्घोष गूंजता रहा।
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण विसर्जन
पूरे प्रखंड में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभाली। विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन, पुलिस और पूजा समितियों के बेहतर समन्वय से पर्व के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।






