पाकुड़ में कार्यकर्ता संवाद, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान और संगठन विस्तार का लिया संकल्प
पाकुड़। जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ने का संकल्प ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने लिया है। शनिवार को गांधी चौक स्थित पार्टी कार्यालय में पाकुड़ प्रखंड के कार्यकर्ताओं का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व विधायक एवं संथाल परगना प्रभारी अकील अख्तर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, संगठन के विस्तार और आम लोगों के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी का मुद्दा उठा
बैठक में जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों, गरीब परिवारों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों के लिए ये प्रमाण पत्र जरूरी हैं। इसके बावजूद इन्हें बनवाने में होने वाली परेशानियों से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की चेतावनी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की परेशानी, युवाओं के भविष्य और गरीबों के अधिकार जैसे मुद्दों पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। जनता की जायज मांगों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने का संकल्प लिया गया। पार्टी ने कहा कि जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।







