तीन साल पहले हुई थी शादी, 11 माह की बेटी का पिता था प्रीतम शाह; परिजनों के आरोप के बाद मेडिकल बोर्ड से होगा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम।
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के कोयलामोड़ में युवक प्रीतम शाह का शव घर में फंदे से लटका मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। मृतक के पिता सुभाष चंद्र शाह ने अपनी पुत्रवधू और उसके मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी में मेडिकल बोर्ड गठित कर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। शनिवार रात शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेजा गया था। रविवार को अस्पताल पहुंचे परिजनों ने प्रीतम की मौत को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक के पिता सुभाष चंद्र शाह के अनुसार, प्रीतम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसकी 11 माह की बेटी है। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी कोयलामोड़ के ही एक युवक के साथ चली गई थी। इसके बाद प्रीतम ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसकी पत्नी को पश्चिम बंगाल से वापस लाया था। पिता ने बताया कि पत्नी को साथ रखने को लेकर प्रीतम और उसके ससुराल पक्ष के बीच विवाद चल रहा था। प्रीतम ने पत्नी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद महिला थाना में मामला दर्ज कराने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई। पिता के मुताबिक, महिला थाना में समझौता होने के बाद पत्नी को घर भेज दिया गया था, लेकिन शुक्रवार को वह फिर अपने मायके चली गई। इसके बाद प्रीतम की मौत हो गई। पिता ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम, रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी डीएस डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम बनाई गई है। शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रविवार दोपहर तक शव का पोस्टमार्टम शुरू नहीं हो पाया था।
हिरणपुर के मुर्गाडांगा का रहने वाला था प्रीतम
प्रीतम शाह मूल रूप से हिरणपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाडांगा गांव का रहने वाला था। उसके पिता के अनुसार, परिवार ने कुछ वर्ष पहले कोयलामोड़ में नया घर बनवाया था। प्रीतम मेडिकल लाइन में काम करता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







