Search

November 23, 2026 4:36 pm

पेंगुइन बुक्स की कहानी लेखन प्रतियोगिता में पाकुड़ की खुशी ने रचा इतिहास, देशभर में पाया पहला स्थान

छह साल की लेखन साधना लाई रंग, अपनी कहानी में उकेरी कॉलेज की जिंदगी; प्राचार्य ने किया सम्मानित

पाकुड़। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। पाकुड़ पॉलिटेक्निक की प्रथम वर्ष की इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्रा खुशी कुमारी ने अपनी लेखनी के दम पर संस्थान का नाम रोशन किया है। पेंगुइन बुक्स इंडिया की ओर से आयोजित कहानी लेखन प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रतियोगिता का विषय ‘द आर्ट ऑफ स्टोरीटेलिंग : टर्निंग थॉट्स इंटू वर्ड्स’ था। खुशी ने अपनी कहानी में पाकुड़ पॉलिटेक्निक के कॉलेज जीवन, विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीय संबंधों तथा युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं को बेहद खूबसूरती से शब्दों में पिरोया। पेंगुइन बुक्स इंडिया ने 20 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से उन्हें प्रतियोगिता का प्रथम विजेता घोषित किया। इस उपलब्धि पर सोमवार को पाकुड़ पॉलिटेक्निक के सेमिनार हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. सुषमा यादव ने खुशी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम में खुशी कुमारी ने अपनी छह वर्षों की लेखन यात्रा, व्यक्तिगत अनुभवों और रचनात्मक सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि बेहतर लेखन के लिए कल्पनाशक्ति, आसपास की घटनाओं का सूक्ष्म अवलोकन, नियमित पठन और लगातार अभ्यास बेहद जरूरी है। इस दौरान संवादात्मक रचनात्मक लेखन गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को शब्दों में ढालने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का संचालन बेसिक साइंस एवं ह्यूमैनिटीज विभाग के विभागाध्यक्ष मोसारफ हुसैन ने किया। मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और प्रथम वर्ष के विद्यार्थी मौजूद रहे। खुशी की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी अपनी कलम के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं।

IMG 20261123 WA0017

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!