पाकुड़। महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और सम्मान को लेकर मिशन शक्ति के तहत सोमवार को पाकुड़ के पुराने समाहरणालय परिसर में अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के करीब 1000 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यशाला का उद्घाटन आईटीडीए परियोजना निदेशक अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, डालसा सचिव सह न्यायाधीश रुपा वंदना कीरो, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
महिला अधिकारों पर खुला विमर्श
कार्यशाला में घरेलू हिंसा, भ्रूण हत्या, दहेज, डायन प्रथा, बाल विवाह, नशा मुक्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना सहित मिशन शक्ति की योजनाओं की जानकारी दी गई। रानी विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया।
“सोच बदले बिना बदलाव नहीं”
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने कहा कि बेटी को बोझ समझने और बच्चों को शिक्षा से दूर रखने की सोच समाज को पीछे ले जाती है। उन्होंने बाल विवाह, दहेज और डायन प्रथा के खिलाफ सख्त कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही बदलाव संभव है।
उपायुक्त का संदेश: सामूहिक भूमिका जरूरी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट चेंज सहित कई अभियानों के जरिए सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने एनीमिया मुक्त, नशा मुक्त और कुरीति मुक्त झारखंड के निर्माण में सभी की भूमिका जरूरी बताई।
हेल्पलाइन पर दें सूचना
समाज कल्याण निदेशालय के कंसल्टेंट ने बाल विवाह की ऊंची दर पर चिंता जताते हुए 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 181 (महिला हेल्पलाइन) पर 24×7 सूचना देने की अपील की।
शपथ: बाल विवाह व डायन प्रथा मुक्त झारखंड
कार्यक्रम के अंत में आईटीडीए परियोजना निदेशक अरूण कुमार एक्का ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को डायन कुप्रथा उन्मूलन और बाल विवाह मुक्त झारखंड की शपथ दिलाई।






