अमड़ापाड़ा/पाकुड़ – जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर पाकुड़ पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार (04 मार्च) को गुप्त सूचना के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने बरमसिया मोड़ के पास छापेमारी कर एक शातिर अपराधी को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बरमसिया मोड़ से कोयला रोड की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ घूम रहा है। जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँची, व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर उसे बरमसिया स्थित जंगल के पास दबोच लिया गया।
हथियार और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पकड़े गए व्यक्ति के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तालु मुर्मू उर्फ खलासी (39 वर्ष), पिता- स्व. मंगल मुर्मू, निवासी छोटा लक्ष्मी, थाना- मिर्जाचौकी, जिला- साहिबगंज के रूप में हुई है। इस संबंध में अमड़ापाड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है।
लंबा रहा है आपराधिक इतिहास।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तालु मुर्मू एक पेशेवर अपराधी है। उस पर गोड्डा जिले के ललमटिया और बोआरीजोर थाने के अलावा साहिबगंज के मिर्जाचौकी थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। छापेमारी टीम में ये रहे शामिल। इस सफल कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा, पुअनि चन्दन कुमार सिंह, सअनि संतोल मुर्मू, हवलदार सतपाल कुमार, आनन्द मालतो, प्रकाश असुर और संदीप शर्मा सहित अन्य जवान शामिल थे। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।










