Search

March 1, 2026 9:07 am

जैक बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्कूलों को दिए गए कई दिशा निर्देश।

डीसी-एसपी की संयुक्त बैठक में दिए सख्त निर्देश, बस ड्राइवरों की जांच से लेकर फायर सेफ्टी तक अनिवार्य

पाकुड़। जैक बोर्ड परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। 3 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा से पहले उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में छात्रों की सुरक्षा, स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं और आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर खास जोर दिया गया। उपायुक्त ने साफ कहा कि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा। शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों और स्कूलों में आपात स्थिति से निपटने के लिए एक से अधिक प्रवेश-निकास द्वार (बी-प्लान) रखने को कहा गया है।
छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए सभी स्कूलों में आई कैम्प और हेल्थ कैम्प,
भूकंप मॉक ड्रिल, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, फर्स्ट एड किट और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य किए गए हैं। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग फ्लोर या सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। स्कूल बसों पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। डीसी ने सभी स्कूल बसों को तकनीकी रूप से दुरुस्त रखने, चालकों की नियमित जांच कराने और नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूल प्रबंधन को शैक्षणिक भ्रमण से पहले स्थानीय थाना को सूचना देना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाना भी जरूरी बताया गया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। चालकों की छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बसों के लिए निर्धारित रूट तय करने, संकरी व भीड़भाड़ वाली सड़कों से बचने, सुरक्षित पिकअप प्वाइंट बनाने और बसों में सीसीटीवी लगाने की सलाह दी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर