Search

February 11, 2026 10:35 am

शब-ए-बारात व महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीसी-एसपी ने ली संयुक्त बैठक, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

पाकुड़। शब-ए-बारात और महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि सभी संवेदनशील धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त बढ़ाने और विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है। नगर परिषद क्षेत्र में लागू आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने की बात भी कही गई। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर