Search

March 18, 2026 9:30 pm

जाम पर गरजे अजहर इस्लाम, टोल की मनमानी और प्रशासन की ढिलाई से घंटों ठप रहता है पाकुड़।

बायपास निर्माण में देरी पर उठाए सवाल, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग।

टोल सिस्टम पर भड़के अजहर इस्लाम

पाकुड़: खनिज संपदा से समृद्ध और राज्य को हर साल हजारों करोड़ का राजस्व देने वाला पाकुड़ इन दिनों ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। शहर की सड़कों पर घंटों लगने वाला जाम अब आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम ने सोमवार देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टोल टैक्स व्यवस्था और प्रशासनिक ढिलाई पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में टोल प्लाजा पर वसूली की धीमी प्रक्रिया और अव्यवस्था के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। एक ओर से लगातार वाहनों की आवाजाही और दूसरी ओर टोल कर्मियों की सुस्ती के चलते सड़कें पूरी तरह जाम हो जाती हैं। हालात ऐसे बन जाते हैं कि कार और एम्बुलेंस तक फंस जाती हैं, जबकि बाइक निकालना भी मुश्किल हो जाता है।अजहर इस्लाम ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण टोल संचालकों की मनमानी चरम पर है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर चालकों से प्रति ट्रिप 100 रुपए तक वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो नियमों के खिलाफ है और इसकी जांच होनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि जाम की समस्या अब केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि गली-मोहल्लों में भी टोटो और अन्य छोटे वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है।

बायपास अधूरा, शहर पर बढ़ता दबाव

अजहर इस्लाम ने वर्षों से लंबित बायपास निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़े वाहनों का शहर के भीतर से गुजरना जाम की मुख्य वजह है। यदि बायपास का निर्माण जल्द पूरा कर लिया जाए, तो शहर को इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतना महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अब तक अधूरा पड़ा है।

राजस्व में आगे, सुविधा में पीछे

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकुड़ राज्य में राजस्व देने वाले जिलों में अग्रणी है, लेकिन यहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। “जहां से सरकार को इतना राजस्व मिलता है, वहां के लोगों को जाम से राहत देने के लिए एक बायपास तक नहीं बन पाया,” उन्होंने कहा।

प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

अंत में अजहर इस्लाम ने जिला प्रशासन से मांग की कि टोल टैक्स व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, अवैध वसूली पर रोक लगे और बायपास निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि पाकुड़वासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बहाल हो सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर