पाकुड़। महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को पाकुड़ में बीएड की छात्राओं एवं शिक्षकों ने शांति मार्च निकालकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। शांति मार्च कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए गांधी चौक पहुंचा। इस दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कॉलेज परिसर में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर बापू के बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में मार्गदर्शक हैं। छात्राओं ने गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर छात्राओं ने बापू के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन किया, जिससे वातावरण भक्तिमय और भावुक हो उठा। कार्यक्रम में बीएड विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।






