पेट्रोलिंग बढ़ाएं, अपराध पर लगाएं ब्रेक– एसपी
पाकुड़: पाकुड़ जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई और कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरे का उपयोग किया जाए। जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन कर मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुलूस मार्ग में लटके बिजली के तार, क्षतिग्रस्त खंभे और ईंट-पत्थरों को तत्काल हटाने तथा असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।बैठक में बताया गया कि फरवरी माह में दर्ज 55 मामलों की तुलना में 63 मामलों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए।पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए बोलेरो वाहन एवं पूर्व में दिए गए मोटरसाइकिल का उपयोग करते हुए चोरी, गृहभेदन और छिनतई जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा अवैध कोयला, पत्थर और बालू के उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ मिलकर नियमित छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
पिछले पांच वर्षों में संपत्तिमूलक अपराधों में दोषी अपराधियों का नाम दागी पंजी में दर्ज कर सतत निगरानी रखने तथा पोक्सो और अन्य मामलों के अपराधियों को गुंडा पंजी में शामिल करने का निर्देश दिया गया।लंबित पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन एवं परिवादों का निर्धारित समय के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान एससी/एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं पर पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया तथा परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया।







