पाकुड़ जिले के आदर्श मध्य विद्यालय, बिल्टू में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत लगातार तीसरे दिन दवा सेवन अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय के बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता और भरोसा दोनों देखने को मिला। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुचिता दुबे ने बताया कि स्कूल में लगभग 400 बच्चे नामांकित हैं और लक्ष्य यह रखा गया था कि एक भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से शिक्षकों और प्रबंधन ने समन्वित प्रयास कर लगभग सभी बच्चों को दवा उपलब्ध कराई।
अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रोजा या उपवास रखने वाले बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की। ऐसे बच्चों को उनकी लंबाई के मानक के अनुसार दवा पहले ही दे दी गई, ताकि वे शाम को भोजन के बाद सुरक्षित रूप से उसका सेवन कर सकें। विद्यालय के इस अनुकरणीय प्रयास से शत-प्रतिशत दवा सेवन लक्ष्य प्राप्त होने की पूरी उम्मीद है। स्वास्थ्य के प्रति यह सजग पहल न सिर्फ बच्चों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक होगी, बल्कि समाज में भी जागरूकता का संदेश देगी।





