पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।
शहर में फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश
मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा शहर में बाइक फ्लैग मार्च भी निकाला गया। यह मार्च बल्लभपुर, मालगोदाम रोड, इशाकपुर, बागानपाड़ा, धनुष पूजा, छोटी अलीगंज, खदानपाड़ा सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और निर्भीक होकर मतदान के लिए प्रेरित करना रहा। निरीक्षण एवं फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद, नगर प्रशासक अमरेंद्र कुमार चौधरी, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एसआई सन्नी सुप्रभात एवं एसआई बलवंत दुबे सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन पूरी मजबूती के साथ निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करेगा।










