उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा- प्रतिभाओं को संसाधनों की कमी नहीं होने देंगे, जल्द उपलब्ध कराई जाएगी उच्चस्तरीय साइकिल
पाकुड़। खेल के मैदान में जिले का नाम रोशन करने वाली तीन बालिका खिलाड़ियों को जिला प्रशासन ने साइकिलिंग किट देकर सम्मानित किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने पीएम श्री हरिणडांगा +2 विद्यालय की छात्राओं सुधा कुमारी पासवान, लक्ष्मी भगत और कल्याणी सरकार को किट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
तीनों खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर पाकुड़ का नाम गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखते हुए उपायुक्त ने उनके लिए जल्द उच्चस्तरीय साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग देगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अपने खेल कौशल को लगातार निखारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए पाकुड़ की पहचान राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को संसाधनों की कमी के कारण आगे बढ़ने में कोई बाधा नहीं आए।






