Search

November 13, 2026 10:42 pm

भाजपा के पास बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बोलने के लिए मुद्दे नहीं : आलमगीर आलम

छोटे-मोटे मुद्दों को तूल देकर राजनीति करने का लगाया आरोप, मतदाता सूची और वायरल वीडियो मामले में भी रखी अपनी बात

पाकुड़: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास फिलहाल जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं। यही वजह है कि छोटे-मोटे मामलों को तूल देकर राजनीतिक प्रचार किया जा रहा है। भाजपा को राजनीति करने के बजाय राज्य में बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के नेताओं का अपने क्षेत्र और प्रदेश में दौरा करना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना सामान्य प्रक्रिया है। इसे अनावश्यक रूप से राजनीतिक मुद्दा बनाना उचित नहीं है। मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विवाद पर आलमगीर आलम ने कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में खुद भाजपा के मुख्यमंत्री भी नाम काटे जाने की बात कह रहे हैं। गिरिडीह के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया कि वहां के वास्तविक नागरिकों के नाम मतदाता सूची में बने रहने चाहिए। वहीं, निशा भगत की मौत से पहले वायरल हुए वीडियो और उसमें भाजपा व आरएसएस को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे चुके हैं। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!